मध्यप्रदेश में ‘‘आप’’ की सरकार बनने पर दिल्ली की तरह हर हाथ में सात फ्री की सुविधा होगी- अरविंद केजरीवाल

Spread the love

नई दिल्ली/मध्यप्रदेश : आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम सरदार भगवंत मान ने शनिवार को मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया.

इस दौरान ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा और कांग्रेस को जमकर आड़े हाथ लिया और कहा कि मध्यप्रदेश में ‘‘आप’’ की सरकार बनने पर दिल्ली की तरह हर हाथ में सात फ्री की सुविधा होगी.

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली वालों के लिए हमने मुफ्त व 24 घंटे बिजली, पानी, तीर्थ यात्रा, महिलाओं का बस में सफर, शिक्षा, स्वास्थ्य और युवाओं के लिए रोजगार का इंतजाम किया.

उन्होंने कहा, इन पार्टियों और नेताओं ने मध्यप्रदेश को बदनाम कर दिया है. आज देश में मध्यप्रदेश की चर्चा व्यापम घोटाले को लेकर होती है। दूसरी तरफ, जब से दिल्ली में ‘‘आप’’ की सरकार बनी है, तब से दिल्ली की चर्चा स्कूल-अस्पताल, फ्री बिजली-पानी को लेकर होती है. दिल्ली-पंजाब की तरह मध्यप्रदेश में भी भाजपा और कांग्रेस को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में अगर आम आदमी पार्टी को एक मौका मिलता है, तो यहां की जनता ‘‘मामा’’ को भूल जाएगी.

भाजपा-कांग्रेस ने घोटाले कर मध्यप्रदेश को पूरे देश में बदनाम कर दिया- अरविंद केजरीवाल

ग्वालियर के मेला ग्राउंड में आयोजित विशाल रैली को संबोधित करते हुए ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि व्यापम घोटाल कर इन नेताओं और पार्टियों ने मध्यप्रदेश को बदनाम कर दिया। मध्यप्रदेश के लोग मेहनती, ईमानदार और देशभक्त हैं, लेकिन देश में लोग मध्यप्रदेश को व्यापम घोटाले के नाम से जानते हैं। जनता का इसमें कोई कसूर नहीं है, लेकिन इन नेताओं ने और पार्टियों ने मध्यप्रदेश की जनता को पूरे देश में बदनाम कर दिया। दिल्ली में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब पूरे देश में दिल्ली घोटालों के नाम से जाना जाता था और कॉमनबेल्थ, सीएनजी, टूजी घोटाले की चर्चा होती थी। ‘‘आप’’ सरकार बनने के बाद पूरे देश के लोग दिल्ली को शिक्षा-स्वास्थ्य के लिए जानते हैं। जहां अच्छे स्कूल, मोहल्ला क्लीनिक, 24 घंटे बिजली मुफ्त और साफ पानी मिलता है।

मध्यप्रदेश में 8-10 घंटे पावर कट लगते हैं और 200 यूनिट का 2 हजार रुपए बिल आता है- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में बिजली बहुत महंगी है, जबकि दिल्ली में बिजली फ्री है। लोगों के बिजली का बिल जीरो आता है। एक साल पहले पंजाब में भी ‘‘आप’’ की सरकार है और वहां भी लोगों के बिजली का बिल जीरो आ रहा है। पहले दिल्ली और पंजाब में 7-8 घंटे पावर कट होते थे, लेकिन हमारी सरकार आने के बाद 24 घंटे बिजली आती है। मध्यप्रदेश में 8-10 घंटे पावर कट लगते हैं और 200 यूनिट का 2 हजार रुपए बिल आता है। दिल्ली में जब हमने बिजली मुफ्त की तब पीएम मोदी बहुत नाराज हुए और बोले कि केजरीवाल फ्री की रेवड़ी बांट रहा है। मैं प्रधानमंत्री से कहना चाहता हूं कि हां मैं फ्री की रेवड़ी बांट रहा हूं, इससे आपको क्या तकलीफ है।

दिल्ली में हमने 12 लाख रोजगार का इंतजाम किया और पंजाब में 30 हजार सरकारी नौकरियां दे दी- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैंने हर एक दिल्लीवासी के हाथ में सात-सात रेवडी रखी है। पहला, सबकी बिजली मुफ्त और 24 घंटे कर दी। दूसरा, पूरी दिल्ली में शानदार स्कूल बनाए। दिल्ली में अब गरीबों और अमीरों के बच्चे एक ही डेस्क पर एक साथ पढ़ते हैं। तीसरी, अमीर-गरीब सबका इलाज मुफ्त कर दिया। जगह-जगह मोहल्ला क्लीनिक खोल दिया। चौथी, सबका पानी मुफ्त कर दिया। अब दिल्ली में लोगों के पास पानी का बिल जीरो आता है। पांचवी, दिल्ली सरकार के बसों में महिलाओं का सफर फ्री कर दिया है। छठीं, हर एक घर के बुजुर्ग को फ्री में तीर्थ यात्रा कराता हूं। सातवीं, अपने युवाओं के लिए रोजगार का इंतजाम कर रहे हैं। हमने अब तक दिल्ली में 12 लाख रोजगार का इंतजाम किया और पंजाब में भगवंत मान के नेतृत्व में ‘‘आप’’ की सरकार ने 30 हजार सरकारी नौकरियां दे दी और अभी तीन लाख नौकरियों का इंतजाम कर रहे हैं।

मोदी जी ने इतनी महंगाई कर दी है कि लोगों को अपना खर्च चलाना मुश्किल हो रहा- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मैं अपनी जनता को सात फ्री की रेवड़ी देता हूं और इससे मोदी जी बहुत गुस्से में हैं। मोदी जी ने पूरे देश में बहुत महंगाई कर रखी है। अगर मैंने कुछ फ्री की सुविधाएं देकर हर आदमी के चेहरे पर थोड़ी की मुस्कान ला दी तो क्या पाप किया? आज लोगों को अपने घर का खर्चा चलाना मुश्किल हो गया है। इन लोगों ने सरकारी खजाने की लूट मचा रखी है, इसलिए देश में इतनी महंगाई हो गई है। मोदी जी अपने दोस्तों में खुलेआम पैसे लूटा रहे हैं। मोदी जी के मुम्बई के अपने एक दोस्त ने बैंकों से 34 हजार करोड़ रुपए का लोन लिया और उन्होंने दोस्त का सारा लोन माफ कर दिया। उनका एक गुजरात के दोस्त ने 22 हजार करोड़ का लोन लिया और उसे भी माफ कर दिया। मोदी जी देश की जनता पर टैक्स लगाकर ये पैसा ला रहे हैं। इन्होंने दूध, छाछ, पनीर, आटा, चावल, तेल समेत हर चीज पर टैक्स लगा दिया। इतना खून तो अंग्रेजों ने भी चूसा, जितना मोदी जी चूस रहे हैं। अंग्रेजों ने कभी दूध, चावल समेत खाने-पीने की चीजों पर टैक्स नहीं लगाया था। पिछले 75 साल में कभी भी खाने की चीजों पर टैक्स नहीं लगा था। देश में पहली बार मोदी जी ने टैक्स लगाया है।

बेइमानी मोदी जी करते हैं और जेल मनीष सिसोदिया को भेजते हैं- अरविंद केजरीवाल

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि मध्यप्रदेश में 108 रुपए प्रति लीटर पेट्रोल है। इसमें 57 रुपए का ही पेट्रोल है और बाकी सारा टैक्स है। मोदी जी ने पूरे देश से टैक्स का पैसा लूट कर अपने दोस्तों में बांट दिया। आज की दुनिया में कोई भाई, मां-बाप नहीं है। मोदी जी ने किसी के 34 हजार करोड़ रुपए फ्री में माफ तो नहीं किए होंगे, कुछ तो लिए ही होंगे। मोदी जी ने अब तक अपने दोस्तों के 11 लाख करोड़ रुपए का लोन माफ कर दिया है। इसके बदले वो कितना पैसा बनाए होंगे, इसकी कल्पना नहीं की जा सकती। बेइमानी मोदी जी करते हैं और जेल मनीष सिसोदिया को भेजते हैं। मनीष सिसोदिया ने गरीबों के बच्चों को पढ़ाने के लिए पूरी दिल्ली में जगह-जगह स्कूल बनवाया। ईमानदारी से बच्चों को पढ़ाने वाले मनीष सिसोदिया आज जेल में हैं और बेइमानी करने वाले खुलेआम घूम रहे हैं। इन लोगों ने 10 साल में देश का बेड़ा गर्क कर दिया।

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इन्होंने नोटबंदी कर कहा था कि आतंकवाद और भ्रष्टाचार दूर होगा, लेकिन नहीं हुआ। नोटबंदी से देश को कोई फायदा नहीं हुआ। अगर आज केंद्र में एक पढ़ी-लिखी सरकार होती तो किसी भी दशा में नोटबंदी नहीं करती। एक इंटरव्यू में पीएम मोदी जी ने खुद बताया था कि वो गांव के स्कूल में ही गए हैं, कॉलेज में पढ़ाई नहीं की है। 21वीं सदी के भारत के प्रधानमंत्री को पढा-लिखा होना चाहिए।

अरविंद केजरीवाल ने सुनाई चौथी पास अहंकारी राजा की कहानी

इस दौरान ‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने चौथी पास अहंकारी राजा की कहानी भी सुनाई। उन्होंने कहा कि यह कहानी ये बताती है कि अगर किसी देश का राजा अनपढ़, भ्रष्ट और अहंकारी हो तो एक महान देश भी कैसे डूब जाता है। एक बहुत महान देश था। उस देश में एक गांव के बहुत गरीब परिवार में एक बच्चे का जन्म हुआ। ज्योतिषी ने बच्चे की कुंडली बनाकर उसकी मां से कहा कि ये बच्चा बडा होकर बहुत बड़ा सम्राट बनेगा। मां बोली- मैं तो बहुत गरीब हूं, मेरा बेटा सम्राट कैसे बनेगा? ज्योतिषी ने बताया कि बच्चे की कुंडली में सम्राट बनना लिखा है। धीरे-धीरे बच्चा बड़ा होने लगा। उसे गांव के स्कूल में भर्ती करा दिया, लेकिन उसका पढ़ने में मन नहीं लगता था। बच्चा किसी तरह चौथी पास की और मां ने स्कूल से उनका नाम कटा दिया। मां बोली कि बच्चा थोड़ा कमा कर लाएगा तो घर का खर्चा चलेगा।

घर के पास ही एक रेलवे स्टेशन था। बच्चा वहां जाकर चाय बेचने लगा। वो बपचन से ही बहुत अच्छा भाषण देता था। एक बार भाषण देना चालू होता तो बंद ही नहीं होता था। गांव के लड़कों को इकट्ठा कर लेता था। कुंडली में जैसा लिखा था, वैसे ही वो बच्चा उस महान देश का राजा बन गया। उस चौथी पास राजा का पढ़ना-लिखना नहीं आता था। बिल्कुल समझ नहीं थी। अफसर अंग्रेजी में बोलकर मनमर्जी फाइलों पर साइन करा लेते थे। अफसरों की ऐश हो गई। धीरे-धीरे पूरे देश में बात फैल गई कि राजा अनपढ़ है। अब राजा को बड़ी चिंता होने लगी कि लोग उसका अनपढ़ होने का मजाक बनाते हैं। फिर उसने जुगाड करके कहीं से फर्जी एमए की डिग्री बनवा ली। राजा बोला कि मैं एमए हूं। इस पर जनता हसने लगी, क्योंकि उसको असलियत पता थी। लोग उसके पास आते थे और बेवकूफ बनाकर चले जाते थे। एक दिन कुछ लोग आए और बोले-महाराज नोटबंदी कर दो, आप जैसे महाराज ही नोटबंदी कर सकता है। नोटबंदी करने से भ्रष्टाचार और आतंकवाद दूर हो जाएगा। राजा को समझ तो थी नहीं, राजा उनकी बातों में आ गया और नोटबंदी कर दी। इसके बाद पूरे देश में लोग बैंकों के आगे लंबी लंबी लाइनें लगाकर खड़े हो गए और बहुत सारे लोग मारे गए। वो महान देश 20 साल पीछे चला गया।

एक दिन उस महान देश के अंदर बहुत बड़ी महामारी आई। उस महामारी में कई लोग मारे गए। एक आदमी ने राजा से कहा कि महाराज पूरे देश के लोगों को ताली और चम्मच बजाने के लिए कहिए। इससे महामारी भाग जाएगी। राजा को समझ नहीं थी। वो अनपढ़ था। उसने पूरे देश से ताली और चम्मच बजवा दिए। ऑक्सीजन की कमी से लोग मरते रहे। धीरे-धीरे राजा के दोस्तों ने लूट मचा दी। राजा ने किसी को 10 हजार करोड़, किसी को 20 हजार करोड़ दे दिए। पूरे देश में महंगाई और बेरोजगारी फैल गई। चारों तरफ बलात्कार होने लगे और हर तरफ हाहाकार मच गया। आसमान में बैठे सारे देवता ये सब देख रहे थे। सारे देवता इकट्ठे हुए और शिव जी के पास गए। देवताओं ने शिवजी से कहा कि पृथ्वी पर घोर अन्याय हो रहा है, कुछ कीजिए। महाराज ने आंखें बंद कर ध्यान किया। शिवजी उस महान देश के हर आदमी के अंदर आकर ऐसी भावना डाली कि जब अगली बार चुनाव हुआ तो लोगों से अपने आप ही दूसरा बटन दब गया, उस अहंकारी राजा को वोट नहीं मिला। वह अहंकारी राजा चुनाव में हार गया। मैंने सुना है कि आजकल वो राजा दोबारा उसी रेलवे स्टेशन पर जाकर चाय बेच रहा है।

‘‘आप’’ के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि समय बड़ा बलवान है। वक्त से डरना चाहिए। मैं मध्य प्रदेश के लोगों से कहना चाहता हूं कि जैसे दिल्ली के लोगों ने भाजपा और कांग्रेस को उखाड़कर फेंक दिया, जैसे पंजाब के लोगों ने कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा को उखाड़कर फेंक दिया। वैसे ही एक मौका आम आदमी पार्टी को देकर देखिए। मैं मध्यप्रदेश की जनता को भरोसा दिलाना चाहता हूं कि ‘‘आप’’ की सरकार बनने के बाद आप ‘‘मामा’’ और इनके चेलों को भूल जाएंगे।

मध्यप्रदेश की जनता ने वोट देकर कांग्रेस की सरकार चुनी थी, लेकिन बाद में भाजपा ने अपनी सरकार बना ली- भगवंत मान

इस अवसर पर पंजाब के सीएम भगवंत मान ने कहा कि दिल्ली में ‘‘आप’’ की सरकार ने जितने काम करके दिखाए, उसकी गूंज पंजाब में पहुंची और वहां भी लोगों का बहुत प्यार मिला। अब मध्य प्रदेश के लोग हमें बुलाकर रहे हैं कि मध्यप्रदेश को भी दिल्ली-पंजाब की तरह बिजली फ्री और भ्रष्टाचार से मुक्ति, किसानों को नदियों-नहरों का पानी, युवाओं को सरकारी नौकरी और महिलाओं को फ्री में बस यात्रा चाहिए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में की जनता ने वोट देकर कांग्रेस की सरकार चुनी, मगर बाद में भाजपा ने अपनी सरकार बना ली। भाजपा ने कांग्रेस के 30 विधायक खरीद लिए और अपनी सरकार बनी ली। इन विधायकों ने भाजपा में जाते समय जनता से एक बार भी नहीं पूछा। बल्कि विधायकों ने लाखों रुपए लेकर इस्तीफा दे दिया और उपचुनाव करा कर भाजपा ने अपनी सरकार बना ली। इसीलिए अरविंद केजरीवाल कहते हैं कि सभी पार्टियां आपस में मिली हैं। किसी ने मोदी जी को बता दिया कि दिल्ली में गरीबों के बच्चों को बहुत अच्छी शिक्षा दी जा रही है तो उन्होंने मनीष सिसोदिया को जेल में डाल दिया। फिर उन्हें पता चला कि दिल्ली में इलाज मुफ्त हो रहा है तो उन्होंने सत्येंद्र जैन को जेल में डाल दिया। यह अरविंद केजरीवाल की आम आदमी पार्टी है। यहां लोग किसी और मिट्टी के बने हैं।

मध्यप्रदेश की जनता को भाजपा का अहंकार तोड़ना होगा- भगवंत मान

सीएम भगवंत मान ने कहा कि अक्सर देखा जाता था कि सरकारें सरकारी एजेंसियों को घाटे में दिखाकर प्राइवेट को बेंच देती है। इसी तरह देश में एयरपोर्ट, सीपोर्ट, रेल, भेल, एलआईसी को घाटे में बताकर मोदी जी ने अपने दोस्तों को बेंच दिया। मगर पंजाब सरकार ने उल्टी गंगा बह रही है। पंजाब सरकार ने घाटे में चल रहे प्राइवेट थर्मल पावर प्लांट को अपने कब्जे में लिया है और इसे चलाकर बिजली पैदा कर रही है। हम काम करने की राजनीति लेकर आए हैं। पहले जो लोग हेलिकॉप्टर से नीचे नहीं उतरते थे और ऊपर से ही हाथ हिलाकर चले जाते थे, अब वे लोग जमीन पर आ गए हैं और घर-घर जाकर वोट मांगने को मजबूर हैं। पंजाब में पहली बार युवा लड़के-लड़कियों ने चुनाव जीता है। जो लोग कहते थे कि हमें तो कोई हिला भी नहीं सकता है, उनकी जमानत जब्त करा दी। जनता चाहे तो व्यक्ति को अर्श पर बिठा भी सकती है और फर्श पर गिरा भी सकती है। मध्यप्रदेश की जनता को भाजपा वालों का भी अहंकार तोड़ना होगा। प्रधानमंत्री जब चलते हैं तो उसमें अहंकार दिखाई देता है। देश की 140 करोड़ जनता इसका फैसला करेगी।