नई दिल्ली :-दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने आज सिविक सेंटर में आयोजित एक समारोह में 607 सफाई कर्मियों को नियमित किया। मुख्यमंत्री सुश्री आतिशी और महापौर डॉ शैली ओबेरॉय ने सफाई कर्मियों को नियमितीकरण पत्र प्रदान किए.
इस अवसर पर उपमहापौर श्री आले मोहम्मद इक़बाल, सदन के नेता मुकेश गोयल, विपक्ष के नेता राजा इक़बाल सिंह, पार्षद और वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे. समारोह के दौरान एमसीडी के छात्रों ने अपनी जीवंत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी ने सभी को वाल्मीकि जयंती की शुभकामनाएं दी और कहा कि इस पावन अवसर पर हम दिल्ली नगर निगम के 607 सफ़ाई कर्मचारियों को पक्का कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि केवल एक ही ऐसे भगवान है जिनके हाथ में क़लम थी और उन्होंने अच्छी शिक्षा व्यवस्था का सपना देखा था। महर्षि वाल्मीकि हमारे लिए प्रेरणा है और उन्हीं का अनुसरण करते हुए केजरीवाल सरकार ने दिल्ली में पिछले 10 वर्षों से ग़रीब बच्चों को वर्ल्ड क्लास शिक्षा दे रही है। आज दिल्ली में एक ग़रीब परिवार का बच्चा भी अच्छे सरकारी स्कूल में पढ़ रहा है और अच्छे भविष्य की ओर बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा की बाबा भीमराव अंबेडकर ने भी अच्छी शिक्षा का सपना देखा था। पूरे देश में दिल्ली और पंजाब सरकार ही
ऐसी सरकारें है जिसने अपने कार्यालयों में बाबा साहेब की तस्वीर लगायी है। बाबा साहेब सामने हमेशा वंचितों के कल्याण के लिए कार्य किया है और उन्हीं का अनुसरण करते हुए हमने भी सफ़ाई कर्मचारियों को पक्का करने का कार्य कर रहे हैं । जब एमसीडी में आप सरकार आयी तब केजरीवाल जी ने मेयर से कहा था कि सबसे पहले सफ़ाई कर्मचारियों को पक्का करने का कार्य करना है और आज हम केजरीवाल जी के मार्गदर्शन में 600 से ज़्यादा कर्मचारियों को नियमित कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि पहले सफ़ाई कर्मचारियों को अपने मौलिक अधिकार अपनी सैलरी के लिए कितना संघर्ष करना पड़ता था लेकिन जब से निगम में आप सरकार आयी है केजरीवाल जी के नेतृत्व में महीने के पहले हफ़्ते में ही सफ़ाई कर्मचारियों को वेतन मिल जाता है।पहले कितने महीनों तक सफ़ाई कर्मचारियों की सैलरी नहीं आती थी जिसके लिए उन्हें धरना-प्रदर्शन करना पड़ता था। पहले
कितनी बार दिल्ली सरकार ने सफ़ाई कर्मचारियों के वेतन के लिए लोन दिया। हमारी सरकार हमेशा सफ़ाई कर्मचारियों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कर्मचारियों से वादा किया कि उनके कल्याण के लिए सभी योजनाएं लागू की जाएगी, समय पर वेतन दिया जाएगा ,उन्हें पक्का किया जाएगा। कर्मचारियों के हित में कार्य करना आप सरकार की ज़िम्मेदारी है।
इस अवसर पर दिल्ली की मेयर डॉ. शैली ओबरॉय ने श्री अरविंद केजरीवाल की चिट्ठी पढ़ी। श्री अरविंद केजरीवाल ने पत्र के माध्यम से पक्का होने वाले सफाई कर्मचारियों को बधाई प्रेषित करते हुए कहा कि दिवाली के अवसर पर पक्का होने वाले सफाई कर्मचारियों के लिए यह बहुत ही खुशी की बात है और हम उन्हें
पक्का कर रहे हैं।
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि अब सफाई कर्मचारियों को माह के पहले हफ्ते में ही वेतन मिल जाता है पहले उन्हें वेतन के लिए संघर्ष करना पड़ता था किन्तु अब उन्हें हर महीने समय पर वेतन मिल जाता है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों को पक्का करके निगम चुनाव के समय आम आदमी पार्टी द्वारा दी गई गारंटी पूरी की है। श्री केजरीवाल ने अपने पत्र में लिखा कि इस बात दिल्ली के मेयर का पद दलित समाज को जाना था किन्तु मेरे जेल जाने के कारण इन्होंने पीछे से मेयर के चुनाव नही कराए। इन्होंने दलितों का हक छीना है जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा की जल्द मेयर चुनाव करा कर अनुसूचित समाज को उनका हक़ दिलाया जाए।
दिल्ली की मेयर डॉ. शैली ओबेरॉय ने इस अवसर पर कहा कि हर वर्ष रामायण के रचयिता बाल्मीकि महाराज की जयंती मनाई जाती है जिन्हें संस्कृत का आदि कवि कहा जाता है। उन्होंने कहा कि बाल्मीकि जयंती के अवसर पर यह तोहफा अरविंद केजरीवाल जी ने दिया है। मेयर ने कहा कि नगर निगम का मूलभूत उद्देश्य दिल्ली की साफ सफाई की व्यवस्था करना है। इस कार्य में सफाई कर्मचारियों का योगदान काबिले तारीफ है। हमारे सफाई कर्मचारी कोरोना हो, बारिश ही या बाढ़ की स्थिति हो उसने दिन रात मेहनत करके दिल्ली को साफ सुथरा बनाया है। मेयर ने कहा कि अरविंद केजरीवाल द्वारा किए गए वादे हम एक एक करके पूरा कर रहे हैं।
उपमहापौर आले मोहम्मद इक़बाल और सदन के नेता मुकेश गोयल ने वाल्मीकि जयंती की सफ़ाई कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि भविष्य में भी आप सरकार इसी प्रकार सफ़ाई कर्मचारियों के लिए कार्य करती रहेगी.