दिल्ली को शीघ्र भाजपा का मेयर मिलेगा, ट्रिपल इंजन की सरकार मिलेगी – वीरेंद्र सचदेवा

News Sewa Desk

नई दिल्ली : दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है की दिल्ली को शीघ्र भाजपा का महापौर मिलेगा, ट्रिपल इंजन की सरकार मिलेगी और सुचारू निगम सेवाएं पुनः प्रारम्भ होंगी.

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है की दिल्ली नगर निगम चुनाव ना लड़ने की आम आदमी पार्टी की घोषणा कोई राजनीतिक त्याग नही बल्कि निश्चित हार की पूर्व स्वीकृति है.

वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है की “आप” नेताओं सौरभ भारद्वाज एवं सुश्री आतिशी मार्लेना का प्रेस कॉन्फ्रेंस करके भाजपा पर दिल्ली नगर निगम में पार्षदों की तोड़फोड़ कर सत्ता पाने का आयोप लगाना ना सिर्फ हास्यास्पद है बल्कि “आप” नेतृत्व द्वारा अपनी राजनीतिक एवं प्रशासनिक गलतियों का परिणाम भाजपा पर थोपने जैसा है.

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है की 2022 में “आप” के टिकट पर बहुमत से जीत कर आये अधिकांश निगम पार्षद बहुत उम्मीद से आये थे और जनता के प्रति अपनी जवाबदेही पूरी करना चाहते थे पर “आप” नेताओं ने ढाई वर्ष तक नगर निगम का गठन ही नही पूर्ण होने दिया जिसके चलते निगम के विकास, रखरखाव एवं प्रशासनिक सभी कार्य ठप्प हो गये.

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष ने कहा है की जनता के प्रति जवाबदेही समझने वाले “आप” पार्षदों ने अपने नेतृत्व द्वारा दिल्ली नगर निगम गठन को ठप्प करने से निराश होकर पार्टी छोड़ी है.

वीरेन्द्र सचदेवा ने कहा है की दिल्ली में पहली बार सांतों लोकसभा सांसदों के साथ केन्द्र, विधानसभा एवं नगर निगम में भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार आई है और “आप” नेतृत्व इसी से नाराज़ है हताश है.

आपको बता दें की दिल्ली नगर निगम के मेयर पर भाजपा पार्षद राजा इकबाल सिंह ने नामांकन दाखिल किया है जबकि डिप्टी मेयर पद पर भाजपा पार्षद जय भगवान यादव ने नामांकन दाखिल किया है. इस चुनाव में कांग्रेस ने भी अपना उम्मीदवार उतारा है. लेकिन आम आदमी पार्टी ने मेयर और डिप्टी मेयर का चुनाव नहीं लड़ने का ऐलान किया है.