MCD बजट पर सदन की विशेष बैठक में दूसरे दिन भी हुई लंबी चर्चा, पार्षदों ने दिए राजस्व बढ़ाने के सुझाव

News Sewa Desk

नई दिल्ली:– दिल्ली नगर निगम के वित्तीय वर्ष 2025-26 के संशोधित बजट अनुमान और वर्ष 2026-27 के बजट अनुमानों को लेकर निगम सदन की विशेष बैठक में दूसरे दिन भी विस्तार से चर्चा की गई. करीब छह घंटे तक चली इस बैठक में पार्षदों ने बजट पर अपने विचार और सुझाव रखे. बैठक की शुरुआत वार्ड संख्या 150 ग्रीन पार्क की दिवंगत पार्षद सरिता फोगाट को शोक प्रस्ताव के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई.

सदन में बजट पर हुई चर्चा में कुल 40 पार्षदों ने भाग लिया. पार्षदों ने बजट की सराहना करते हुए इसे दिल्ली के भविष्य का रोडमैप बताया. विशेष रूप से पार्षदों ने स्थानीय क्षेत्र विकास के लिए वार्ड फंड को आगामी वित्तीय वर्ष में बढ़ाकर दो करोड़ रुपये करने के प्रस्ताव का स्वागत किया.साथ ही निगम के राजस्व में वृद्धि के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए गए.

पार्षदों ने साइन बोर्ड पॉलिसी में सुधार, निगम की संपत्तियों के व्यावसायिक उपयोग, मॉल और सार्वजनिक स्थलों पर विज्ञापन के माध्यम से आय बढ़ाने, टोल टैक्स व्यवस्था में सुधार के लिए समिति गठन, और अवैध मांस की दुकानों पर सख्त कार्रवाई कर राजस्व बढ़ाने की अनुशंसा की.

इसके अलावा वार्डों में यूरिनल की व्यवस्था, पार्कों में एसटीपी निर्माण, पार्किंग माफिया पर नियंत्रण, प्रत्येक वार्ड में एक हर्बल गार्डन और वातानुकूलित समुदाय भवन बनाने जैसे प्रस्ताव भी रखे गए.

बजट चर्चा के दौरान आवारा कुत्तों की समस्या के समाधान, प्रदूषण नियंत्रण, शिक्षा के लिए विशेष बजट प्रावधान ताकि निगम स्कूलों में बच्चों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा सके, सफाई कर्मचारियों की भर्ती और उनके उचित वर्गीकरण, तथा स्कूलों और समुदाय भवनों में एटीएम लगाने जैसे सुझाव भी सामने आए, जिससे निगम के राजस्व में वृद्धि हो सके.

महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने निगम को वित्तीय सहायता प्रदान करने के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि बजट पर चर्चा का उद्देश्य केवल वार्ड स्तर की समस्याएं उठाना नहीं, बल्कि निगम के राजस्व संवर्धन और आर्थिक मजबूती के लिए ठोस सुझाव देना है। महापौर ने कहा कि दिल्ली नगर निगम को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना उनका लक्ष्य है, ताकि दिल्ली को स्वच्छ और सुंदर बनाया जा सके.

महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने आश्वासन दिया कि निगम का राजस्व बढ़ाने से जुड़े उपयोगी प्रस्तावों को बजट में शामिल किया जाएगा. उन्होंने छह घंटे तक चली बजट बैठक में सक्रिय भागीदारी के लिए सभी पार्षदों का धन्यवाद भी किया.