डायनासोर की तरफ 2028 तक कूड़े का पहाड़ हो जाएंगे लुप्त : मनजिंदर सिंह सिरसा

News Sewa Desk

 नई दिल्ली : दिल्ली सरकार के  पर्यावरण एवं वन मंत्री दिल्ली सरकार के मंजिदर सिंह सिरसा और दिल्ली के  महापौर सरदार राजा इकबाल सिंह ने  ओखला स्थित लैंडफिल साइट का दौरा कर वहां चल रहे लीगेसी कचरे के निस्तारण एवं बायोमाइनिंग के कार्य का निरीक्षण किया. इस अवसर पर दक्षिण दिल्ली से सांसद  रामवीर सिंह बिधूड़ी,मध्य क्षेत्र के उपायुक्त  गुरपाल सिंह एवं दिल्ली नगर निगम के वरिष्ठ अधिकारीगण भी उपस्थित रहे.

मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि हम दिल्ली की जनता से वादा करते हैं कि जिस प्रकार से दुनिया से डायनासोर लुप्त हुए थे. उसी प्रकार दिल्ली से कूड़े के पहाड़ लुप्त हो जाएंगे और यही सुनिश्चित करने के लिए हम आज ओखला लैंडफिल साइट का निरीक्षण करने आए है कि इस दिशा में तेजी से काम हो.

उन्होंने कहा कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता  के विजन के अनुसार यह काम जल्दी खत्म हो. उन्होंने कहा कि दिसंबर 2025 तक ओखला लैंडफिल साइट को खत्म करने का लक्ष्य है और अभी 20 लाख टन लीगेसी कचरे का निस्तारण किया जाना है और यहां जारी बायोमाइनिंग के कार्य की गति को देखते हुए यह काम 4 महीने में पूरा हो जाना चाहिए

ओखला लैंडफिल साइट के निरीक्षण के दौरान  महापौर  राजा इकबाल सिंह ने कहा कि देश के  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली की जनता से विकसित दिल्ली बनाने का वादा किया था जिसे पूरा करने के लिए दिल्ली की भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रतिबद्ध है. उन्होंने कहा कि पहले जो दिल्ली कूड़े के पहाड़ों के लिए जानी जाती थी,अब उन कूड़े के पहाड़ों को हटाने के लिए तेजी से काम हो रहा है.

दिल्ली के  महापौर,  राजा इकबाल सिंह ने कहा कि  मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा एवं सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी के साथ हमने ओखला लैंडफिल साइट का निरीक्षण किया.

उन्होंने कहा कि ओखला लैंडफिल साइट पर 60 लाख टन लीगेसी कचरा था जिसे बायोमाइनिंग करके 20 लाख टन पर लाया गया है. उन्होंने कहा कि ओखला लैंडफिल साइट को दिसंबर 2025 तक समतल करने का लक्ष्य रखा गया है किंतु कार्य की गति को देखते हुए यह लक्ष्य अक्टूबर 2025 में ही पूरा कर लिया जाएगा.

महापौर  राजा इकबाल सिंह ने कहा कि हमने कूड़ा मुक्त और स्वच्छ दिल्ली का वादा किया था. जिसकी पूर्ति के लिए दिल्ली की  मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता स्वयं सड़कों पर जाकर इसका जायजा ले रही हैं.उन्होंने कहा कि मैं स्वयं डिसिल्टिंग के कार्य का निरीक्षण कर रहा हूं ताकि जलभराव की समस्या से निपटा जा सके.

अपने वादों को पूरा करने एवं दिल्लीवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए हमारे मंत्री फील्ड में उतरे हुए हैं. सरदार राजा इकबाल सिंह ने कहा कि हमारी जवाबदेही दिल्ली की जनता के प्रति है और हम जनता से कूड़े के पहाड़ों को खत्म करने के वादे को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं.

राजा इकबाल सिंह ने कहा कि ओखला लैंडफिल साइट पर लीगेसी कचरे के निस्तारण की गति पर माननीय मंत्री जी ने संतुष्टि जताई है और दिल्ली नगर निगम के प्रयासों की प्रशंसा की है.

माननीय मंत्री ने आश्वासन दिया है कि कचरे के निस्तारण के संबंध में कोई भी पर्यावरण मंजूरी या किसी प्रमाणपत्र की आवश्यकता हो तो वो पूरी मदद करेंगे.

महापौर ने कहा कि लैंडफिल साइट के आसपास स्थित कॉलोनियों में रहने वाले लोग बदबू से परेशान हैं और हमारा प्रयास है कि इस कूड़े के पहाड़ को खत्म करके यहां पार्क विकसित किया जाए.

रामवीर सिंह बिधूड़ी माननीय सांसद दक्षिण दिल्ली ने कहा कि ओखला लैंडफिल साइट पर स्थित कूड़े का पहाड़ मेरे क्षेत्र की सबसे बड़ी समस्या है. उन्होंने कहा कि निगम अधिकारियों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार यह पहाड़ 2026 से पहले खत्म हो जाएंगे और यहां हरित क्षेत्र विकसित किया जाएगा.

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने माननीय मंत्री  मनजिंदर सिंह सिरसा एवं माननीय महापौर  राजा इकबाल सिंह का धन्यवाद दिया.