दिल्ली एमसीडी उपचुनाव: भाजपा ने जारी की 12 प्रत्याशियों की सूची, देखें लिस्ट

News Sewa Desk

नई दिल्ली :- दिल्ली नगर निगम उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने शनिवार रात को अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर दी.

पार्टी ने राजधानी के सभी 12 वार्डों में उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं. इन वार्डों में 35-मुंडका, 56-शालीमार बाग बी, 65-अशोक विहार, 74-चांदनी चौक, 76-चांदनी महल, 120-द्वारका बी, 128-दिचाऊं कलां, 139-नरायणा, 164-दक्षिणपुरी, 163-संगम विहार ए, 173-ग्रेटर कैलाश और 198-विनोद नगर शामिल हैं.

जारी सूची के अनुसार, मुंडका से जयपाल सिंह ददल (सिनी प्रधान), शालीमार बाग बी से अनीता जैन, अशोक विहार से सीमा अरोड़ा, चांदनी चौक से सुमन कुमार गुप्ता, चांदनी महल से सुनील शर्मा, द्वारका बी से मनीता राजपाल सहसवाल, दिचाऊं कलां से रेखा रानी, नरायणा से चन्द्रकला शिवानी, दक्षिणपुरी से रोहिती राज, संगम विहार ए से सुधीर गौतम, ग्रेटर कैलाश से अनुभू मंडल और वेस्ट विनोद नगर से सरला चौधरी को टिकट दिया गया है.

भाजपा प्रदेश नेतृत्व का कहना है कि इन प्रत्याशियों के चयन में स्थानीय कार्यकर्ताओं और जनसेवा से जुड़े चेहरों को प्राथमिकता दी गई है. पार्टी का लक्ष्य है कि निगम उपचुनाव के जरिये जनता तक दिल्ली में सुशासन और पारदर्शी प्रशासन का संदेश पहुंचे. पार्टी का यह भी दावा है कि नगर निगम में विकास की गति केवल भाजपा सरकार ही दे सकती है, क्योंकि उसके पास अनुभव और जमीनी नेटवर्क दोनों हैं.

राजधानी में उपचुनाव को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई है. इससे पहले आम आदमी पार्टी ने भी 12 वार्डों में अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए थे. ऐसे में भाजपा की सूची जारी होने के बाद अब दोनों प्रमुख दलों के बीच मुकाबला सीधा हो गया है.

भाजपा ने दावा किया कि जनता भ्रष्टाचार और वादाखिलाफी से ऊब चुकी है और वह अब विकास व स्वच्छ प्रशासन को वोट देगी.

पार्टी की योजना है कि प्रत्येक वार्ड में वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की टीम बनाकर डोर-टू-डोर संपर्क अभियान चलाया जाएगा ताकि निगम उपचुनाव में पार्टी का प्रदर्शन शानदार रहे.