आम आदमी पार्टी की निगम पार्षद सरिता फोगाट का हुआ निधन, अरविंद केजरीवाल ने जताया दु:ख

News Sewa Desk

नई दिल्ली /एस.के.सिन्हा/एम.खान

दिल्ली की आम आदमी पार्टी की ग्रीन पार्क वार्ड से निगम पार्षद सरिता फोगाट का निधन हो गया. उनके निधन से पार्टी और इलाके में शोक की लहर है. सरिता फोगाट एक सक्रिय और जमीनी जनप्रतिनिधि के रूप में जानी जाती थीं और स्थानीय नागरिक मुद्दों को लेकर लगातार सक्रिय रहती थीं.

केजरीवाल ने व्यक्त की संवेदना

आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से शोक व्यक्त करते हुए कहा कि AAP की निगम पार्षद सरिता फोगाट का निधन बेहद दुखद है. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति दें और शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुख को सहने की शक्ति प्रदान करें.इस कठिन घड़ी में मेरी संवेदनाएं परिवार के साथ हैं.

सोमनाथ भारती का बयान

पार्टी के वरिष्ठ नेता और मंत्री सोमनाथ भारती ने भी सरिता फोगाट के निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि बड़े दुख के साथ यह सूचना साझा करनी पड़ रही है कि बहन समान सरिता फोगाट का रात्रि लगभग ढाई बजे निधन हो गया.उन्होंने कहा कि पार्टी ने एक ईमानदार, समर्पित और जमीनी जनप्रतिनिधि को खो दिया है.

अंतिम यात्रा और संस्कार

सरिता फोगाट की अंतिम यात्रा आज प्रातः उनके निवास स्थान 94, हुमायूँपुर से निकाली गई।.अंतिम यात्रा में परिवारजन, पार्टी कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। इसके बाद प्रातः 10 बजे ग्रीन पार्क श्मशान भूमि में उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल रहा।

क्षेत्र के लोगों ने किया याद

अंतिम संस्कार के दौरान क्षेत्र के लोगों ने सरिता फोगाट को याद करते हुए कहा कि वह हमेशा आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए उपलब्ध रहती थीं। स्थानीय निवासियों के अनुसार सफाई, पानी, सड़क और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर वह खुद मौके पर पहुंचकर समाधान कराने का प्रयास करती थीं। महिलाओं और बुजुर्गों की समस्याओं को लेकर भी वह विशेष रूप से संवेदनशील थीं.

सरिता फोगाट के निधन को आम आदमी पार्टी और ग्रीन पार्क क्षेत्र के लिए बड़ी क्षति माना जा रहा है. उनके कार्य और जनसेवा को क्षेत्र के लोग लंबे समय तक याद रखेंगे.