दिल्ली मेयर कार्यालय को फिर बम की धमकी, पुलिस ने की सघन जांच

News Sewa Desk

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम के महापौर कार्यालय को एक बार फिर बम विस्फोट की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया. सोमवार सुबह ई-मेल के जरिए मिली इस धमकी के बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया.

महापौर कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, सुबह करीब 09:19 बजे एक अज्ञात ई-मेल के माध्यम से दोपहर 03:11 बजे बम विस्फोट करने की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही बिना किसी देरी के मामले की जानकारी दिल्ली पुलिस को दी गई.इसके बाद पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीम मौके पर पहुंची और पूरे परिसर की सघन जांच शुरू की.

जांच के दौरान भवन के सभी संवेदनशील क्षेत्रों, कार्यालय कक्षों, प्रवेश और निकास द्वारों सहित आसपास के इलाके को बारीकी से खंगाला गया। सुरक्षा एजेंसियों ने एहतियात के तौर पर पूरे परिसर में सतर्कता बढ़ा दी और हर गतिविधि पर नजर रखी गई. हालांकि शुरुआती जांच में किसी भी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है.

गौरतलब है कि इससे पहले 01 अप्रैल को भी महापौर कार्यालय को इसी तरह की बम धमकी मिली थी, जिसके बाद भी सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक जांच अभियान चलाया था। लगातार मिल रही ऐसी धमकियों ने प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है।

इसी तरह की घटनाएं अन्य महत्वपूर्ण सरकारी संस्थानों के साथ भी सामने आ चुकी हैं। दिल्ली विधानसभा को भी बीते समय में कई बार धमकियां मिल चुकी हैं। हाल ही में एक संदिग्ध व्यक्ति द्वारा विधानसभा परिसर का गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश का मामला सामने आया था, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी देने वाले की पहचान करने के लिए साइबर टीम को भी सक्रिय किया गया है और ई-मेल के स्रोत का पता लगाया जा रहा है. अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.