IAS संजिव खिरवार ने संभाला दिल्ली नगर निगम MCD कमिश्नर का कार्यभार

News Sewa Desk

नई दिल्ली/एस.के सिन्हा /एम.खान:- दिल्ली नगर निगम को नया आयुक्त मिल गया है.1994 बैच के आईएएस अधिकारी संजीव खिरवार ने बुधवार को दिल्ली नगर निगम के आयुक्त के रूप में औपचारिक रूप से कार्यभार संभाल लिया. वे एजीएमयूटी कैडर के वरिष्ठ अधिकारी हैं और उन्हें प्रशासनिक सेवा में विभिन्न अहम क्षेत्रों में कार्य करने का व्यापक अनुभव है.

कार्यभार ग्रहण करने के बाद संजीव खिरवार ने कहा कि शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और मजबूत करना, दिल्ली नगर निगम को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना, ईज़ ऑफ डूइंग बिज़नेस के तहत प्रक्रियाओं को सरल बनाना और नागरिकों को सुगम, पारदर्शी व बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नागरिक सेवाओं के त्वरित और जवाबदेह वितरण के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म और तकनीक का अधिकतम उपयोग किया जाएगा.

उन्होंने कहा कि दिल्ली जैसे महानगर में नगर निगम की भूमिका बेहद अहम है और निगम की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता व जवाबदेही समय की आवश्यकता है। शिकायत निवारण प्रणाली को और प्रभावी बनाया जाएगा, ताकि आम नागरिकों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से हो सके.

संजिव खिरवार का प्रशासनिक करियर लंबा और विविध अनुभवों से भरा रहा है. वे इससे पहले पर्यावरण, राजस्व, शहरी प्रशासन और दिल्ली प्रशासन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन कर चुके हैं. नीति निर्माण से लेकर योजनाओं के क्रियान्वयन तक उन्होंने विभिन्न स्तरों पर कार्य किया है.

शैक्षणिक रूप से संजीव खिरवार कंप्यूटर साइंस में बीटेक हैं। उनका विशेष जोर एमसीडी में तकनीक आधारित शासन, ई-गवर्नेंस और डिजिटल परिवर्तन को गति देने पर रहेगा.

माना जा रहा है कि उनके नेतृत्व में नगर निगम की सेवाओं में तकनीकी सुधार और नागरिक सुविधाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिलेगा.

कार्यभार संभालने के साथ ही निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों में नई कार्यशैली और सुधारों को लेकर उम्मीद जगी है.