नई दिल्ली :-
भारतीय जनता पार्टी, दिल्ली प्रदेश ने संगठनात्मक ढांचे में बड़ा बदलाव करते हुए 14 जिलों के लिए नए जिला अध्यक्षों की घोषणा की है। यह घोषणा पार्टी के संगठन चुनाव अधिकारी डॉ. महेन्द्र नागपाल द्वारा की गई। इस सूची में चांदनी चौक से अरविन्द गर्ग, उत्तर पूर्व से डॉ. यू. के. चौधरी, नजफगढ़ से राज शर्मा गौतम, और दक्षिणी दिल्ली से माया बिष्ट सहित अन्य प्रमुख नाम शामिल हैं।
दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने सभी नवनियुक्त जिला अध्यक्षों को शुभकामनाएं दीं और विश्वास जताया कि यह नया नेतृत्व दिल्ली भाजपा को सशक्त बनाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि नए जिला अध्यक्षों की नियुक्ति से संगठन का विस्तार और मजबूती सुनिश्चित होगी और सरकार की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।
नई सूची में कई अनुभवी नेताओं के साथ-साथ युवा नेतृत्व को भी मौका दिया गया है। केशवपुरम से अजय खटाना, नवीन शाहदरा से मास्टर विनोद कुमार, मयूर विहार से विजयेंद्र धामा को दोबारा अध्यक्ष बनाया गया है, करोल बाग से वीरेंद्र बब्बर, और नई दिल्ली से रजिन्द्र चौधरी को जिम्मेदारी दी गई है. शाहदरा से दीपक गावा को अध्यक्ष बनाया गया है, वह फिलहाल कार्यकारी अध्यक्ष का काम देख रहे थे. संजय गोयल के दिल्ली विधानसभा चुनाव मैं उम्मीदवारी की घोषणा के बाद दीपक गावा को कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया था. लेकिन अब उन्हें पूर्ण अध्यक्ष बना दिया गया है और उत्तर पश्चिम से विनोद सह्रावत को भी इस सूची में स्थान मिला है।
पश्चिमी दिल्ली में चम्पपाल बख्शी को जिम्मेदारी सौंपी गई है जबकि बाहरी दिल्ली से रामचन्द्र चावड़िया को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। महरौली से रजिन्द्र सोलंकी को यह जिम्मेदारी दी गई है।
इस बदलाव को आगामी चुनावों की तैयारी और संगठन की मजबूती की दिशा में एक ठोस कदम माना जा रहा है। पार्टी का उद्देश्य न केवल नेतृत्व को सशक्त करना है, बल्कि जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर तालमेल स्थापित करना भी है। भाजपा का यह कदम राजधानी दिल्ली में राजनीतिक समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।