जनता की शिकायतें खुद सुनेंगे ,मेयर श्याम सुंदर अग्रवाल ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
नई दिल्ली .पूर्वी दिल्ली के महापौर श्याम सुन्दर अग्रवाल ने आज पूर्वी दिल्ली नगर निगम मुख्यालय में प्रेस वार्ता कर पूर्वी दिल्ली की जनता की समस्याओं और शिकायतों के निवारण हेतु महापौर हेल्पलाइन नंबर- 8700213727 जारी करने के बारे में जानकारी दी।
पूर्वी दिल्ली के महापौर ने जनता की समस्याओं और शिकायतों के निवारण हेतु जारी किया महापौर हेल्प लाइन नंबर- 8700213727
महापौर ने बताया कि स्वयं उनके द्वारा सप्ताह में तीन दिन यानी सोमवार बुधवार और शुक्रवार को दोपहर 12 से 1 बजे तक वह स्वयं लोगों को समस्याएं और शिकायतें सुनेंगे और संबंधित अधिकारियों के द्वारा जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का निवारण करवायेंगे। महापौर श्याम सुन्दर अग्रवाल ने बताया कि इसके अलावा महापौर कार्यालय के बाहर एक पेटी रखी गई है जिसमें लोग अपनी समस्या लिख कर डाल सकते है। उनकी समस्या का संज्ञान में लेकर तुरंत समाधान का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पूर्वी निगम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कथन ना खाऊंगा ना खाने दूंगा के आधार पर चलेगी।
भ्रष्टाचार के लिए होगी ज़ीरो टोलरेंस भ्रष्टाचारियों के खिलाफ की जायेगी सख्त कार्यवाही- महापौर श्याम सुन्दर अग्रवाल
महापौर ने बताया कि यदि कोई निगम अधिकारी रिश्वत मांगता है या अपनी अधिकारिक शक्ति का गलत इस्तेमाल करते हुए किसी लालचवश कार्य में व्यवधान उत्पन्न करता तो उसका फोन टेप करें फोटो क्लिक करें और उसके विरूद्ध उपरोक्त महापौर हेल्प लाइन नम्बर पर शिकायत करें। महापौर ने कहा कि भ्रष्टाचार को किसी भी रूप में सहन नहीं किया जायेगा और इसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति ऐसे भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों को सी.बी.आई के द्वारा पकड़वायेगा उसको स्वयं महापौर द्वारा सम्मानित किया जायेगा।
महापौर श्याम सुन्दर अग्रवाल ने कहा कि भवन विभाग में बेलदार नाम की कोई नियुक्ति नहीं है। कोई भी कर्मचारी आपके मकान पर आता है तो उससे पहचान पत्र मांगे और ना दिखाने पर स्वयं मुझे या पुलिस को सूचित करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी और फील्ड में कार्य करने वाले निगम कर्मियों को हिदायत दी गई है कि वे गले में पहचान पत्र लगाकर फील्ड में जायें क्योंकि पिछले दिनों ऐसी खबरें आईं हैं जिसमें कुछ शरारती तत्वों द्वारा स्वयं को निगम कर्मचारी बताकर पैसे की उगाही की गई है जिसे पुलिस ने गिरफ्तार किया है। महापौर ने कहा कि इससे निगम की छवि खराब होती है।
महापौर ने कहा कि निगम द्वारा बहुत से कार्य किए जाते है जैसे अतिक्रमण हटाना अनधिकृत भवन-निर्माण पर रोक आदि। उन्होंने कहा कि पूर्वी निगम द्वारा इस संबंध में कार्रवाई तो की जाती है परंतु कई बार पुलिस की मिलीभगत से समस्या फिर से खड़ी हो जाती है। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर नागरिक सुविधा उपलब्ध करवाने के लिए अन्तर्राविभागीय सहयोग की आवश्यकता है।
अग्रवाल ने कहा कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम निरंतर इस बात के प्रयासरत है कि पूर्वी दिल्ली की जनता को साफ-स्वच्छ वातावरण मिले, अतिक्रमण मुक्त एवं भ्रष्टाचार मुक्त दिल्ली मिले और इसके पूर्वी दिल्ली नगर निगम इसके लिए प्रयासरत है और इस संबंध में जनता का सहयोग अपेक्षित है।