
पूर्वी निगम विद्यालयों के बच्चों को 10 जून तक मिल जाएगी पुस्तकें
पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा पूर्वी निगम में पढ़ने वाले छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने के लिए सतत प्रयास किया जा रहा है। इस दिशा में पूर्वी दिल्ली नगर निगम द्वारा पूर्वी निगम के 300 से ज्यादा विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को पाठ्य पुस्तकें उपलब्ध करवायी जा रही हैं। पूर्वी दिल्ली के महापौर निर्मल जैन ने जानकारी देते हुए बताया कि इसके लिए डीबीटीबी ( दिल्ली ब्यूरो ऑफ टेक्स्ट बुक) के माध्यम से सभी नगर निगम विद्यालयों में पाठ्य पुस्तकें भेजी जा रही हैं जिससे यह पुस्तकें संबंधित विद्यालयों द्वारा वहां पढ़ने वाले छात्रों को वितरित की जा सकें। उन्होने बताया कि यह प्रयत्न किया जा रहा है कि ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद 10 जून तक सभी छात्रों को पुस्तकें प्राप्त हो जायें। इसके अलावा पूर्वी निगम द्वारा सभी छात्रों को डीबीटी (डायरेक्ट बेनीफिट ट्रांसफर) माध्यम द्वारा लेखन सामग्री के लिए 300 रुपये की नकद सब्सिडी भी वितरित की जा रही है। महापौर ने बताया कि मध्याहन भोजन, सूखा राशन वितरण मार्च 2021 तक किया जा चुका है।
शिक्षा समिति के अध्यक्ष, रोमेश गुप्ता ने बताया कि ई-गर्वेनेंस के अन्तर्गत पूर्वी निगम के शिक्षकों और अधिकारियों द्वारा शिक्षा विभाग की अपनी वेबसाइट बनाई गई है और इसे हाल ही में पूर्वी दिल्ली नगर निगम को अधिकारिक वेबसाइट पोर्टल पर होस्ट किया गया है। इसके अलावा पूर्वी निगम विद्यालय, मयूर विहार की वेबसाइट डिजाइन कर उसे भी पूर्वी निगम की वेबसाइट पर होस्ट किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्वी दिल्ली नगर निगम की यह योजना है कि वर्तमान सत्र में सभी निगम विद्यालयों की वेबसाइट को डिजाइन किया जाएगा क्योंकि छात्रों और उनके अभिभावकों के बीच प्रासंगिक सूचनाओं के आदन प्रदान और संवाद का यह एक बेहतर माध्यम है।